Monday, February 15, 2010

प्यार हमें किस मोड़ पे ले आया…

किस मोड़ पे तो नहीं, हां लेकिन एक ऐसे मोड़ पर लाकर जरूर खड़ा कर दिया है, जहां मोहब्बत बाज़ारी नज़र आ रही है। वेलनटाइन वीक चल रहा है, बाज़ार प्यार के तोहफों से लदा हुआ है, हर आदमी की जेब के हिसाब से तोहफे बिक रहे है। ऐसे में एक नया ट्रेण्ड शुरू हो गया है, ‘जितना मंहगा गिफ्ट उतना ज्यादा प्यार’। ये सब आजकल के युवाओं में ज्यादा देखने को मिल रहा है पूरे वेलनटाइन वीक को कुछ इस तरह बनाया गया है कि लगभग हर दिन कुछ-न-कुछ गिफ्ट देना ही पड़ता है। क्या आज रिश्ते इन उपहारों के मोहताज़ हो गए है?कुछ लोगों का कहना है कि ये दिन प्यार जाहिर करने के लिए बनाये गए हैं। लेकिन प्यार तो भावनाओं और आत्मा का विषय हैं। एक छोटा सा गुलाब भी दिल की बात कह सकता है जबकि करोड़ों की अंगूठी नहीं।
लेकिन फिर भी ऐसे दिनों की जरूरत क्यों पड़ी? क्या तरक्की के इस दौर में हम रिश्तों की अहमियत भूलते जा रहें हैं? आज प्यार प्यार नहीं, दिखावा नज़र आता है। रिश्‍ते मूल्य खोते जा रहे है, बस शेष रह गयी है तो औपचारिकताएं जो ऐसे दिनों की शक्लों में नज़र आ रही है।
प्यार के इस बदलते स्वरूप को देखकर तो यह लगता है कि आज हम इन ढ़ाई आखर में छुपी भावनाओं को भूलते जा है। ‘इश्क-मोहब्बत’ तो बस किताबों और फिल्मों में ही अच्छे लगते हैं। आजकल के युवा तो हर वेलनटाइन तो अलग-अलग साथी के साथ मनाते है। प्यार पल में होता है और पल में खत्म भी हो जाता है…ये कैसा प्यार है जो बदलता रहता हैं?
लेकिन ऐसा नहीं है, कि आज के समय में प्यार पूरी तरह से बज़ारी हो गया है। आज भी प्यार शब्द की गहराइयों को समझने वाले लोग है। ऐसे कई मामले सामने आए है, जहां प्यार की खातिर लोग जान तक गंवा बैठे है…प्यार की खातिर ही समाज से लड़ गए, तो कहीं धर्म जाति के बंधनो को भी प्यार ने ही तोड़ा है।
आज का समाज मशीनों से घिरा हुआ है जिससे इंसान भी एक तरह की मशीन ही बनता जा रहा हैं। ऐसे में जरूरत है तो दिल को मशीन बननें से रोकने की और प्यार शब्द के उस एहसास को समझने की जिसे हम भूलते जा रहे है, नहीं तो वो दिन दूर नहीं जब प्यार लफ्ज़ ही दुनिया से खो जाएगा।
और क्या कहूं बस आज के युवाओं के लिये एक कवि की नसीहत याद आती है-

सरल सीखना है, बुरी आदत का,

मगर उनसे पीछा छुड़ना कठिन है।

सरल जिन्दगी में युवक प्यार करना,

सरल हाथ में हाथ लेकर टहलना,

मगर हाथ में हाथ लेकर किसी का,

युवक जिन्दगी भर निभाना कठिन हैं॥

-हिमांशु डबराल

himanshu dabral

Friday, February 12, 2010

सजा बन जाओ तुम...


दिल के रंजो-ग़म की दवा बन जाओ तुम,
या दिल के ज़ख्मो को जो दे सुकूं, एक बार ऐसी हवा बन जाओ तुम...

इस कदर चाहा है तुमको रात-दिन,
मेरी रूह में बसकर, मेरे ख़ुदा बन जाओ तुम...

कभी ख्वाबों में, यादों में क्यों आते हो तुम,
आना है तो, मेरी यादों का काफिला बन जाओ तुम...

जाने से तेरे, रुक सा गया है सब कुछ,
जो थम गया है, वो सिलसिला बन जाओ तुम...

हो सके तो एक बार फिर चाहो मुझे इतना,
दुनिया के लिए महोब्बत की, इन्तहां बन जाओ तुम...

तेरे आने की उम्मीद में कब से बैठे है हम,
ख़त्म करदे जो मेरी आस, ऐसा ज़लज़ला बन जाओ तुम...
.
कुछ ऐसा करो मेरे एहसासों के साथ,
रोते-रोते हँसने की अदा बन जाओ तुम...

तोड़ना है तो मेरे दिल को इस कदर तोड़ो,
मेरी वफ़ाओ की सजा बन जाओ तुम...


-हिमांशु डबराल

Wednesday, January 20, 2010

कानून सिर्फ गरीबों के लिये अमीरों के लिये नहीं..

ठंड का मौसम, पसरा हुआ कोहरा, सर्द हवाएं, खुला आसमान और उस पर तन पर ना के बराबर कपड़े। जरा सोचिये ऐसी स्थिति में कोई भी आदमी कैसे रह सकता है। लेकिन भारत में लाखों लोग ऐसे है जो इस तरह जीने पर मजबूर है। सर्दी से बचने के नाम पर उनके पास सिर्फ चन्द कपड़े है। अकेले दिल्ली में हजारों लोग ऐसे बदतर हालात में गुजर-बसर कर रहे है। और सरकार द्वारा इनके लिये कोई खास इंतजाम नहीं किये जा रहे, उल्टा इतनी सर्दी में बिना नोटिस के दिल्ली सरकार और एम.सी.डी. गरीबों के बसेरों को उजाड़ने का काम कर रही है। ये सब राष्ट्रमंडल खेलों के मददेनजर किया जा रहा है। इन गरीबों के लिये बसेरे कि जिम्मेदारी भी सरकार और एम.सी.डी. की है, हालांकि खाना पूर्ति के लिये झुग्गियां उजाडने के बाद कुछ तम्बु जरूर लगा दिये गये, जो पर्याप्त नहीं थे। लेकिन इन सबके बीच उस 6 दिन के बच्चे का क्या कसूर जिसको उसकी मां खुले आसमान के नीचे सुलाने की नाकाम कोशिश कर रहीं थी। सवाल यहीं उठते है की दिल्ली सरकार मानवता तक भूल गयी है? ये वहीं सरकार है न जिसने इन लोगो को यहां के पते वाले वोटर कार्ड दिये थे? वोट लेते समय तो नेता जी ने भी बड़े-बड़े वादे किये होंगे, पर अब वो वादे और वो नेता कहां है?
दिल्ली को साफ-सुथरा बनाया जा रहा है। अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है। लेकिन क्या ये सब गरीबों के लिये ही है? दिल्ली के अन्दर कई एसी अवैध कॉलोनियां है जिनमे अमीर व रसूख वाले लोग रहते है, उन पर न तो एम.सी.डी. और न दिल्ली सरकार कोई कदम उठा रही है। उल्टा दिल्ली सरकार द्वारा अवैध जगहो पर वैध बिजली व पानी के कनेक्शन बाटे जा रहे हैं। इस सबको क्या कहा जाए? वो अमीर और रसूख वाले लोग तो अपने-अपने घरो में रजाई में बैठे चाय की चुस्की का मजा ले रहे होंगे लेकिन गरीब और बेघर लोग तो बस इस ठंड में किसी तरह जीने की जद्दोजहद में लगे होंगे। कानून सिर्फ गरीबों और मज़लूम लोगों पर ही लागू होता है क्या? और ऐसे में गरीबों की पैरवी करने वाले और मानवाधिकार के लिये चिल्लाने वाले लोग कहां सोये हुए है? उनके कानों में तो जूं भी नहीं रेंग रही है।
गरीब आदमी की जिन्दगी तो बस एसे ही कटती रहेगी और हम अपने-अपने एयर टाइट कमरों मे मज़े से आराम की नींद लेते रहेंगे…चलिये अपने दिल को यूं ही बहलाइये की ”हम कर भी क्या सकते है?” और सो जाइए…मेरी ओर से जब सोओ तब गुड नाइट।
.

-हिमांशु डबराल
himanshu dabral

Wednesday, January 13, 2010

बहुत याद आओगे तुम...


जब भी हम मुस्कुराएंगे, यू ही गुनगुनायेंगे
सपनो को सजायेंगे, कागज की नाव बनायेंगे
अँधेरे से
घबराएँगे, पर पास तुम्हे न पाएंगे
तो बहुत याद आओगे तुम...

जब भी सोचेंगे पुरानी
हर बात
तुम्हारा वो हंसी साथ,
जगमगाती वो
चांदनी रात
उसमे होती वो बरसात,
भीगे तन और भीगे मान की वो सौगात
जब भी सोचेंगे तो बहुत याद...
.
जब भी ढूढेंगे वो मस्ती,
पढने में वो सुस्ती
जब ख़ुशी होती थी बड़ी
सस्ती,
सबकी होती कुछ अपनी
कुछ हस्ती
जगमगाती थी हर बस्ती,
जब भी सोचेंगे तो बहुत याद...
.
जब भी ढूढेंगे यारों का साथ
मदद को बढ़ता वो हाथ,
सबके लिए प्यार, बच्चों का दुलार
जब भी सोचेंगे तो बहुत याद...

वो हंसी वादियाँ,
वो कोहरे की चादर
ठण्ड की कपकपाहट, बादलों का वो जहाँ
और उसमे चाय की वो चुस्की
जब भी सोचेंगे तो बहुत याद...

जब भी होंगे हम तन्हा
साथ न देगा कोई लम्हा,
जब भी बैठेंगे हम तनहाइयों में
दिल की रुसवाइयों में
जब भी सोचेंगे तो बहुत याद...

तुम्हारी वो अदा, वो मुस्कराहट, वो आहट
वो सादगी, वो खुशबु, जो महका गयी
जब भी सोचेंगे तो बहुत याद...

वो टूटते तारे को देखकर मन्नते मांगना
बारिश के पानी में कूदना
वो छीटें, वो पत्तें, वो पेड़, वो चिड़िया
जब भी सोचेंगे तो बहुत याद...
.
वो तुम्हारी कहानी, तुम्हारा वों बोलना
मन की बातों को दिल से
खोलना

जब भी ढूढुगा वो सावन
अनमना
सा वो मन
जब भी सोचेंगे तो बहुत याद...

जब भी लिखेंगे कुछ, जब भी
पढेंगे
कुछ
जब भी कहेंगे कुछ, जब भी सुनेगे कुछ
हर लफ्ज में जगमगाओगे तुम
जब भी
सोचेंगे तो बहुत याद आओगे तुम...

.
-हिमांशु डबराल

himanshu dabral

Saturday, January 9, 2010

Insulting Departed Soul


Ruchika Girhotra was resting peacefully after departing from her earthly abode, giving responsibility to her friend Aradhana and her parents to fight against not only her tormentor but also murderer.
She did not leave us because of her choice but was forced to by a beast in human form called S P S Rathor. She was prepared to fight and tolerate all inhuman treatment meted to her but her courage caved in after seeing insults and criminal charges inflicted on her Father and Brother. She was shattered by the treatment she got from her School, which is a second home for any child and a source of love, affection and moral courage.
Aradhana and her parents picked up the cudgel on Ruchika’s behalf thinking they have to fight only Khaki wearing monster, but on entering the arena it dawned on them that they were up against the whole Haryana political system irrespective of the parties they belong to as they pampered and promoted him in due course and also the bureaucratic family of the State.
Aradhana and her parents should be honored and bestowed national bravery award for standing up against such powerful lobby without having a fallback. Like communal riots during the partition and terrorist attacks on Kashmiri Pandits, this family was also made a refuge but they did not give up their fight for the right cause.
Our cool and patient judiciary after hearing the case for long nineteen years sentenced Rathor for SIX months imprisonment and a fine of Rs.1000/-. What Ruchika would have thought of this judgment if she could have risen form her ashes. All the pain, sorrow, humiliation would have gushed up and would have said loud and clear that her brutal murderer has been set free.
Our various NGO’s working for the cause of women or cry for women empowerment are surprisingly quiet or they will take another nineteen years to ponder and decide as to what line of action they should take against this unprecedented unjust sentence.
Men like Rathor if you can call them men are worst than Pandher and Koli put together because our constitution placed immense responsibility in their hands under oath and they very conveniently and scrupulously insult the trust.
Its time we should introspect as to who killed or rather who insulted the departed soul of Ruchika Girhotra, our politicans, our judicary by passing such a light sentence for such a heinous crime or our social structure which does not respond to any atrocities.
We need many more family like that of Aradhana.

-Rajive S Notyal

Friday, January 1, 2010

नव वर्ष की ढेर सारी शुभकामनाए



मेरी ओर आप सभी को अंग्रेजी नव वर्ष की सपरिवार हार्दिक शुभकामनाये...आप सभी के लिए आने वाला साल मंगलमय रहे...भगवान तथा बड़ों का आश्रीवाद सदा बना रहे...नया साल आपकी जिंदगी में खुशहाली और उन्नति लेकर आये...

.


इसी कामना के साथ -
.
हिमांशु डबराल

Monday, December 21, 2009

कुछ पंक्तिया दिल से ...

-----------------------------------------------------------
मंजिल दिखती है मगर मिलती नही,
मिलती तब है जब दिखना बंद हो जाये .

-----------------------------------------------------------

किसी के दिल में किसी के ख्वाबो को जब पनाह मिलती है,
तभी एक आशिक को उसके इश्क की सदा मिलती है .

-----------------------------------------------------------

जब से हम तुमसे मिले, ये नज़र झुकती नही,
देखती है बस तुम्हे, अब तो ये थकती नही .

-----------------------------------------------------------

मुझको अपना कहने वाले, अपनी आखों को आईने में देख,
खुद से नज़रे मिला सको तो ठीक, नही तो नज़र आएगा फरेब

-----------------------------------------------------------

महोब्बत के रंग में यू रंग न जाना,
कि अपना रंग ही नज़र न आये,
कोई तुम्हे ढूढ़ते हुए आये और, पहचान भी न पाए .

------------------------------------------------------------

-हिमांशु डबराल
himanshu dabral



Thursday, December 10, 2009

26/11 को मत भूलों

एक साल पहले दहल गया था ‘पूरा देश’। मुम्बई में हुए सिलसिलेवार आंतकी हमलों ने पूरे देश में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। मौत का ऐसा मंजर किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। लाशों के ढेर में पसरा सन्नाटा और उस सन्नाटे में गूंजती गोलियों की आवाजें। पूरा देश आतंकियों के खूनी खेल को अपने-अपने टीवी सेटों पर टकटकी लगाए देख रहा था। 26/11 को एक साल हो गया है लेकिन आज भी लोग उस खौफनाक मंजर को यादकर सहम जाते हैं। आज भी एक आम आदमी घर से निकलने के बाद पहले सोचता है कि शाम को घर लौटगा कि नहीं। जिन्होंने अपने करीबी खोये, जिस मां ने अपने बेटे को खोया, जो बच्चे अनाथ हो गए, उन सबकी जिन्दगी तो 26/11 के बाद जैसे रूक गयी है। हर हिन्दुस्तानी के दिल से यही आवाज निकल रही है कि ‘बहुत हुआ अब’।
इस समय सेना प्रमुख के बयान ने आंतकवाद के खिलाफ सरकार के रवैये को लेकर हकीकत जाहिर की। सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर ने कहा कि ”अमेरिका में 9/11 के बाद कुछ नहीं होता है। इंडोनेशिया में भी बाली में विस्फोट के बाद कुछ नहीं होता है। लेकिन हमारे यहां संसद के हमले के बाद 26/11 होता है, बस अब और नहीं।” हलांकि उनका ये बयान मुंबई हमले की बरसी के समय में आया। सेना प्रमुख का ये बयान भारतीय सेना के हौसले को दर्शाता है लेकिन एक सवाल भी खड़ा करता है कि अब तक आंतकवाद के खिलाफ हमारी सरकार ने कड़ा रवैया क्यों नही अपनाया? क्या 26/11 जैसे हमले का इंतजार हो रहा था?
संसद में हमले के बाद भी कोई कड़े कदम नहीं उठाये गये। जिसका खामियाजा 26/11 के रूप में देखने को मिला।
आज भी आतंकियों के हौसले बुलंद हैं। 26/11 की बरसी के मौके पर सरकार को सबक लेने की आवश्‍यकता है और आतंकवाद के खिलाफ कड़े रवैये को अपनाने की जरूरत है तभी देश आतंकवाद से मुक्त हो पायेगा।
.
- हिमांशु डबराल

Saturday, November 28, 2009

चुभन

चुभन दिल में बड़ी आजीब सी होती हैं,
इसकी ख़ुशी भी हमे अजीज सी होती है।
चुभन दिल में...
हम क्या करे हमे प्यार है उनसे,
और वो कहते है हमसे,
की ऐसी किस्मत बड़े नसीब से होती है...
चुभन दिल में...
मन की पतंगे,
ख्वाबो के आसमा में, खो जाती है...
जैसे नीले आसमा की गोद में वो सो जाती है,
फिर भी वो हमारे लिए सजीव सी होती है...
चुभन दिल में...
.
-हिमांशु डबराल

Friday, November 6, 2009

पत्रकारिता जगत के सूर्य थे जोशी जी...

पत्रकारिता को एक अलग पहचान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार प्रभाष जोशी हमारे बीच नही रहे... ये क्षति पूरे पत्रकारिता जगत की है... अपनी लेखनी से पत्रकारिता का लोहा मनवाने वाले जोशी जी बहुत ही सरल शब्दों में अपनी बात कह जाते थे... मैं खुद उनकी लेखनी के दीवानों में से एक हूँ...
जोशी जी के पदचिन्हों पर चलने वाले कई पत्रकारों के लिए ये बड़ा झटका है... लेकिन वो एक ऐसी राह बना कर गए है, जो पत्रकारिता को एक नयी दिशा देगी... उनके आदर्शो पर चलने वाले पत्रकार हमेशा उनके विचारों को जीवित रखेंगे...
बस दिल यही कहता है -
कौन कहेता है जोशी जी नही रहे,
रूह रुख़सत हुई है, शख्शियत हमेशा जवां रहेगी...

भगवान उनकी आत्मा को शान्ति दे और उनके परिवार को इस घोर दुःख को सहने का बल प्रदान करे...


- हिमांशु डबराल

Wednesday, November 4, 2009

रास्ते-रास्ते.


रास्ते-रास्ते, रास्ते सिर्फ रास्ते...
वास्ते-वास्ते जाने किस वास्ते,
जागते-सोते, सोते-जागते
रास्ते-रास्ते, रास्ते सिर्फ रास्ते...

रात के सूने प्रहर में,
सन्नाटे को खत्म करते
सहर की और चलते
उजाले में हसी वादियों में,
ठण्ड की कपकपाहट, सर्द समां में,
ओस की बूंद, हवा के बहाव में,
रह गए हम, वादियों को ताकते
रास्ते-रास्ते, रास्ते सिर्फ रास्ते...

सर्द मौसम में, गर्म ख्यालों में,
चाय के प्यालों में, लाल से गलों में,
कपकपाते होठों की मुस्कान के साथ,
सफ्फाक दिलों को बहलाने के वास्ते,
रास्ते-रास्ते, रास्ते सिर्फ रास्ते...

मील के पत्थर गिनते हुए,
राह के काटें चुनते हुए,
ख्वाब में ख्वाब बुनते हुए,
हवाओं के सुर सुनते हुए,
एक धुन बनाने के वास्ते...
रास्ते-रास्ते, रास्ते सिर्फ रास्ते...

-हिमांशु डबराल

Monday, October 26, 2009

रुला दिया है मुझे...


तेरी यादों की चादर ओढे मै सो तो रहा था,
पर ख्वाबो में तेरी यादों ने फिर जगा दिया
है मुझे...

मेरे दिल ने तुझे बेवफा भी न कहा था,
पर मेरे अहसासों ने मुझसे चुरा लिया
है तुझे...

अब इन धडकनों का मैं क्या करू जो तेरे नाम से धड़कती है,
मैंने तों जीवन की डोर को ही थमा दिया
है तुझे...

वीरानियों में, वीरां मकां में मैं रह तो रहा था,
तेरे खलूस ने वीरां बना दिया
है मुझे...

और क्या कहूँ तुझसे ऐ दिलनशी,
तेरी खुशबु ने मेरे जहाँ को महका दिया...

अँधेरे रास्तों में मै चल तो रहा था,
तेरे नूर ने सारे रास्ते को जगमगा दिया...

भीड़ के चहरों में मै तुझे ढूंढ़ तो रहा था,
लेकिन हर चहरे ने अपनालिया है
तुझे...

इश्क के तूफां से मै गुजर तो रहा था,
पर तेरी हवा ने रास्तों से भटका दिया
है मुझे...

तेरे झूठे वादों पर मै जी तो रहा था,
तेरी बेवफाई ने पागल बना दिया
है मुझे ...

मै अपनी सिसकियों पे मुस्कराहट का पर्दा डाल तो रहा था,
पर तेरी हसीं ने फिर रुला दिया
है मुझे...

-हिमांशु डबराल

himanshu dabral


Sunday, October 18, 2009

दिवाली या दिवाला ?

दीपावली’, एक पावन त्यौहार। जिसके आते ही दीप जलाये जाते हैं, खुशियां मनायी जाती हैं, तरह-तरह कीमिठाईयां, पकवान, पटाखे और नये कपड़े खरीदे जाते हैं, घरों को साफ किया जाता है। लेकिन आज दिवाली आनेपर आम लोगों के चेहरे उतरे नजर रहे हैं। कारण है महंगाई, महंगाई ने आज आम आदमी की कमर तोड़ कररख दी है।

दिवाली आते ही जेबें ढीली होने का डर सताने लगता है। सभी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। त्यौहार आने से पूरेघर का बजट बिगड़ जाता है पर करें भी तो क्या करें। बढ़ती मंहगाई ने अमीर गरीब के बीच की खाई को औरगहरा कर दिया है। अब गरीब आदमी की तो मन गई दिवाली। वो तो सिर पकड़कर बैठ जाता है कि दिवाली कैसेमनाए। और अगर मंहगाई से बच गए तो नकली मिठाई, नकली पटाखे आदि आपका दीवाला निकाल देंगे और रही-सही कसर प्रदूषण और शराबी लोग पूरी कर देंगे। अब आप ही सोचिए
दिवाली या दिवाला

-हिमांशु डबराल

Monday, October 12, 2009

युवराज के नाटक...


आप सोच रहे होंगे कि युवराज कौन? हम इस देश की सत्तारूढ़ पार्टी के युवराज की बात कर रहे हैं। पुराने समय में राजा-महाराजा हुआ करते थे और उनके पुत्रों को युवराज कहा जाता था। रजवाड़े खत्म हो गए लेकिन आज के आधुनिक दौर में भी युवराज होते हैं। अब युवराज हैं तो भइया सुरक्षा भी ज्यादा चाहिए। जहां जाते हैं पूरा काफिला साथ चलता है। उनकी सुरक्षा के कारण आम जनता को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और राहुल बाबा हीरो बन जाते हैं। किसी गांव में गए और गांव में सुरक्षाबलों का तांता लग जाता है। लोगों को अपने ही घरों को जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

युवराज हैंडपम्प से नहा लें तो यह खबर है और हजारों लोग यमुना के जहरीले पानी से नहाते हैं वो खबर नहीं है। ट्रेन से जाएं तो यह खबर है और गांवों में लोग आज भी कोसों पैदल चलने को मजबूर हैं, यह खबर नहीं है। ऐसी ही न जाने कितनी बातें हैं जो युवराज के जाने से खबर बन जाती है। देश की मूलभूत समस्याओं को उजागर करने की जगह मीडिया राहुल गांधी के नाटकों को तरजीह दे रहा है।

कुछ दिन पहले राहुल गांधी जेएनयू पहुंचे। लाल टापू में उनके जाने से हवाएं गर्म हो गईं। जगह-जगह पोस्टर लगाए गए। कहीं पोस्टर में राहुल चाय पीते नजर आए तो कहीं युवराज के आगमन व स्वागत के पोस्टर थे। लाल टापू का यह दौरा एनएसयूआई के ही लोगों द्वारा कराया गया। युवराज के आने से पहले जेएनयू छावनी में तब्दील कर दिया गया। इतनी सुरक्षा तो तब भी नहीं दिखी थी जब प्रधानमंत्री यहां आए थे लेकिन जब राहुल गांधी वामपंथिओं के गढ़ पहुंचे तो उनके लिए 600 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी थे। छात्रों से ज्यादा तो सुरक्षाबल नजर आ रहा था। अब सवाल यह उठता है कि जो सुरक्षा प्रधानमंत्रियों के लिए भी नहीं होती तो राहुल के लिए क्यों। न तो राहुल देश के प्रधानमंत्री हैं और ना ही सरकार में मंत्री। केवल गांधी होने के कारण क्या इतनी सुरक्षा सही है?

जेएनयू में कई छात्रों के तीखे तेवरों का सामना भी राहुल को करना पड़ा। शुरुआती औपचारिक भाषणों के बाद राहुल जैसे ही मंच पर पहुंचे, सामने बैठे स्टूडेंट्स के एक ग्रुप ने राहुल को काले दुपट्टे दिखाते हुए नारे लगाने शुरू किए- ‘84 के दंगाइयों को एक धक्का और दो। फेक एनकाउंटर करने वालों को एक धक्का और दो।’ इन सबके बीच राहुल ने बोलना शुरु किया और छात्रों के सवालों के जवाब भी दिए। एक छात्र ने सवाल पूछा कि उसने फ्रेंच भाषा में बी.ए. किया है और उसे तमाम एमएनसी से भी ऑफर हैं लेकिन प्राइवेट नौकरी में सिक्युरिटी नहीं है इसलिए वो सरकार के साथ काम करना चाहता है। राहुल ने उस छात्र को मंच पर बुलाकर गले लगाया और एनएसयूआई के नेताओं से कहा कि इनका बायोडेटा ले लीजिये, देखते हैं। लेकिन राहुल जी इस देश में लगभग 4 करोड़ से ज्यादा शिक्षित युवा बेरोजगार हैं; किस-किस का बायोडेटा लेंगे राहुल जी? चलिए शायद इस प्रकरण से एक बेरोजगार को रोजगार मिल जाए…।

कभी दलित के यहां रात गुजारना तो कभी भीड़ में जाकर बात करना और इसके कारण उनके सुरक्षा बल आम लोगों को परेशान करते हैं। भीड़ को हटाने के लिए धक्का मारा जाता है। अरे युवराज जी आप आम आदमी की मुश्किलें सुलझाने जाते हैं या बढ़ाने? चलिये युवराज जी बातें बनाने में तो आप माहिर हैं लेकिन बातों की जगह जमीनी स्तर पर कुछ कार्य भी करें तो अच्छा होगा।।

-हिमांशु डबराल

Sunday, October 11, 2009

गालियां या फैशन


एक समय था जब भारतीय समाज को उसकी सभ्यता और मधुभाषिता के लिए जाना जाता था। समाज में कोई किसी के लिए अपशब्दों का प्रयोग नहीं करता था और अगर कोई बोल भी दे तो उसे समाज में बुरा माना जाता था। धीरे-धीरे समय बदला लेकिन गालियों को सामाजिक रूप से कभी स्वीकारा नहीं गया। लेकिन आज के समाज को ना जाने क्या हो गया है? गालियों को धीरे-धीरे सामाजिक रूप से स्वीकारा जा रहा है। खासकर महानगरों में गालियां देना एक आम बात हो गई है और यह स्टेटस सिंबल बनतीं जा रहीं हैं, जो गाली नहीं देता वो गांवों का समझा जाता है। स्कूलों के बच्चों को ही देखा जाए जो प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते हैं, आपको गालियां देते नजर आ जाएंगे और अगर आप उन्हें टोकेंगे तो आप पर भी गलियों की बौछार शुरू हो जाएगी। आजकल बातचीत में प्रभाव भी गालियों से ही पड़ता हैं। इसे क्या कहा जाए? क्या हमारा समाज मानसिक रूप से दिवालिया होता चला जा रहा है?लड़के तो छोड़िए लड़कियां भी गालियां देने में पीछे नहीं हैं। आजकल के युवा गालियां देने के बाद शर्मिंदगी के बजाय अपने आप को बड़ा गर्वान्वित महसूस करते हैं। ये लोग आते तो यहां पढ़ने के लिए हैं और शायद ये जहां से आते हैं वहां भी गालियां सामाजिक रूप से स्वीकार नहीं हैं। फिर भी यहां आकर गालियां देते हैं। कारण पूछा जाए तो इनके अपने तर्क हैं। कोर्इ्र कहता है कि ये सब तो चलता है…, अरे गालियां तो सभी देते हैं…, दिक्कत क्या है…? यह तो फैशन है, भाई। ऐसे जबावों को सुनकर बड़ा अजीब लगता है। आज का युवा कहीं भी गाली देने से नहीं हिचकिचाता, चाहे वो स्कूल-कॉलेज हों या कोई भी सार्वजनिक स्थल।गालियों को फैशन बनाने के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है – आप, हम या हमारा समाज? शायद हमें हर बात को हल्के में लेने की आदत हो गई है। चलो कोई बात नहीं…, हम क्या करें…, बिगड़ैल है…, हमें तो नहीं दे रहा…आदि कहकर बात टाल देते हैं। कभी हम किसी को टोकते नहीं हैं। यहां तक कि महिलाओं और बच्चों के सामने गाली देने वाले को भी नहीं टोका जाता।अभी ये हाल है तो हम आने वाली पीढ़ियों से क्या उम्मीद कर सकते हैं। कहीं गालियों का चलन न हो जाए इसके लिए मिलकर प्रयास करना होगा ताकि गालियों को सामाजिक मान्यता न मिल पाए और गाली देने वालों को भी समझाना होगा कि ये फैशन नहीं मानसिक दिवालियापन है। बाकी आप के ऊपर है कि आप क्या समझते हैं-

गालियां या फैशन?

-हिमांशु डबराल